गान्तोक। सिक्किम संग्राम परिषद् (एसएसपी) ने आज अपनी केन्द्रीय कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) के लिए दूसरे चरण के पदाधिकारियों की घोषणा की। राजधानी के विकास क्षेत्रस्थित संग्राम भवन में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में सिक्किम संग्राम परिषद् अध्यक्ष नरबहादुर भंडारी ने पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की। श्री भंडारी ने जेरोंग लामा को सीडब्ल्यूसी के सलाहकार का पद दिया है। पार्टी की सीडब्ल्यूसी में राजेन्द्र उप्रेती और धनबहादुर बस्नेत को प्रवक्ता, तारा भट्टराई और जीतबहादुर छेत्री को प्रचार सचिव, बी.बी. बस्नेत, मिलन प्रधान और जीवन प्रधान को महासचिव (प्रशासन), विजेन्द्र शर्मा, मनोज कुमार राई, पुष्पराज लिम्बू और सोनाम छिरिंग भुटिया को संयुक्त सचिव, रिन्जिंग नामग्याल भुटिया और मिलन प्रधान को कोषाध्यक्ष, कमलकुमार राई और ललित शर्मा को पब्लिक रिलेशन तथा राजेन्द्र उप्रेती और विनोद छेत्री को कानून प्रकोष्ठ के पद पर चुना गया है। इसी तरह श्रीमती छुंगसांग सेंगा को महिला शाखा अध्यक्ष और श्रीमती भीमकुमारी छेत्री को उपाध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है। विनोद छेत्री को युवा शाखा अध्यक्ष का पद दिया गया है। स्मरण रहे, पहले चरण के पदाधिकारियों की घोषणा 24 मई के दिन एसएसपी के पुनर्स्थापना दिवस के मौके पर की गई थी। अब पदाधिकारियों के तीसरे चरण की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी, श्री भंडारी ने कहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री भंडारी ने एसएसपी को जनता के खून-पसीने से सिंची हुई पार्टी बताया। उन्होंने कहा, हाथी के खाने के दांत और होते हैं, दीखाने के और, इसी तरह एसएसपी ने खाने के दांत अभी तक छिपा कर रखा हुआ है। सही वक्त आने परउन व्यक्तियों के नाम भी उजागर किए जाएंगे जो एसएसपी के खाने के दांत हैं। एसएसपी की कार्यकारिणी समिति का गठन हो चुका है और एसएसपी के पास मुद्दा भी है। अब मौसम का रुख भांपकर एसएसपी जल्द ही जनता के सम्मुख प्रकट होगी और अपने कार्यक्रमों का खुलासा करेगी, उन्होंने कहा। चुनाव के मौसम में सिक्किम में बरसाती कुकुरमुत्ते की तरह राजनीतिक पार्टियां उग आती हैं लेकिन एसएसपी उन बरसाती कुकुरमुत्ते की तरह नहीं है, यह पार्टी सरकार चलानेवाली पार्टी है, भंडारी ने कहा। एसएसपी के पास सरकार चलाने का तजुर्बा है, उन्होंने कहा। सिक्किम में फर्जी पर्चे बांटने का चलन बन्द होना चाहिए और एसएसपी जाली पर्चेबाजी नहीं करेगी। एसएसपी का कोई भी सदस्य जाली पर्चा बांटता हुआ पाया गया तो उसे तत्काल ही पार्टी से निकाल बाहर किया जाएगा, भंडारी ने घोषणा की।
पार्टी अध्यक्ष नरबहादुर भंडारी ने 371-एफ को अपनी पार्टी का मुख्य मुद्दा बताते हुए कहा, एसएसपी के संशोधित संविधान में भी इसे शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, धारा 371एङ्ग शुरू में जैसा था वैसा ही होना चाहिए। पार्टी का चुनावी मुद्दा भी यही रहेगा। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी केन्द्र सरकार के साथ भी भिड़ेगी। उन्होंने भारत सरकार पर संविधान की धारा 371एङ्ग के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा, संविधान का उल्लंघन करना देशद्रोही कार्य है। भारत सरकार पर देशद्रोही कार्य करने का संगीन आरोप भंडारी ने लगाया।
इस अवसर पर एसएसपी के संशोधित संविधान का विमोचन जेरोंग लामा के हाथों किया गया। कार्यक्रम में स्वागत सम्बोधन प्रस्तुत करते हुए पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष राजेन्द्र उप्रेती ने एसएसपी को सिक्किम में विकास की बाढ़ लानेवाली पार्टी की संज्ञा दी।